वाह रे बिजली विभाग! स्टीमेट जमा नहीं, कनेक्शन भी नहीं… फिर भी थमा दिया 8,609 का बिल

वाह रे बिजली विभाग! स्टीमेट जमा नहीं,कनेक्शन भी नहीं…फिर भी थमा दिया 8,609 का बिल

सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे 
तहलका 24×7 
              बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करने वाला एक मामला क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सलेमपुर से सामने आया है।यहां विद्यालय में न तो बिजली कनेक्शन दिया गया और न ही कभी बिजली आपूर्ति हुई,लेकिन विभाग ने विद्यालय के नाम 8,609.41 का बिजली बिल जारी कर दिया।मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय सलेमपुर के तत्कालीन प्रभारी प्रधानाध्यापक हरिशंकर ने मई 2024 में झटपट पोर्टल पर नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था।विभाग ने कनेक्शन संख्या 6962406412 जारी करते हुए 3,02,932 का स्टीमेट तैयार किया।हालांकि यह स्टीमेट विद्यालय की ओर से जमा नहीं किया गया,जिसके चलते बिजली कनेक्शन भी नहीं हुआ।आश्चर्य की बात यह है कि बिना कनेक्शन दिए ही विभाग ने विद्यालय के नाम 8,609.41 का बिजली बिल जारी कर दिया।
बिल मिलने के बाद विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया और इसकी जानकारी ग्राम प्रधान उमाशंकर को दी गई।ग्राम प्रधान ने बताया कि मई 2024 से आज तक विद्यालय में एक दिन भी बिजली की आपूर्ति नहीं हुई।न पंखे चले,न बल्ब जले।भीषण गर्मी में बच्चे बिना बिजली के पढ़ाई करने को मजबूर हैं,जबकि विभाग ने बिल भेज दिया है।उन्होंने शनिवार को अधिशासी अभियंता,विद्युत विभाग जौनपुर को पत्र भेजकर पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा गलत बिल निरस्त करने की मांग की है।
लोगों के बीच यह सवाल चर्चा का विषय बना हुआ है कि जब स्टीमेट जमा ही नहीं हुआ और कनेक्शन भी नहीं दिया गया,तो आखिर बिजली बिल किस आधार पर जारी किया गया?इस संबंध में अधिशासी अभियंता एके धर्मा ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी।यदि किसी स्तर पर त्रुटि पाई जाती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Previous articleभरोसे का मिला धोखा! रिश्तेदार पर 70 लाख रुपये गबन का आरोप
Next article5 अगस्त से अतिरिक्त हलकों का कार्य बहिष्कार करेंगे लेखपाल, मांगों के समर्थन में सौंपा ज्ञापन
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?