शारदा सहायक नहर के माइनर में पानी नहीं,धान की रोपाई पर संकट
# सिंचाई विभाग की लापरवाही से सैकड़ों बीघा फसल प्रभावित, किसानों ने तत्काल पानी छोड़ने की मांग
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
क्षेत्र के बड़ा गांव स्थित शारदा सहायक नहर के माइनर में पानी नहीं आने से दर्जनों गांवों के किसानों के सामने सिंचाई का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।धान की रोपाई के महत्वपूर्ण समय में नहर सूखी होने से सैकड़ों बीघा खेती प्रभावित हो रही है और किसान निजी संसाधनों से महंगी सिंचाई करने को मजबूर हैं।

बड़ा गांव निवासी किसान गुड्डू मौर्य ने बताया कि धान की रोपाई के लिए पर्याप्त पानी की आवश्यकता है, लेकिन माइनर में पानी नहीं छोड़े जाने से किसानों की लागत लगातार बढ़ रही है।मजबूरी में उन्हें निजी नलकूपों और अन्य संसाधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।किसान सभाजीत ने बताया कि क्षेत्र के दर्जनों गांवों में जल संकट के कारण धान की खेती प्रभावित हो रही है।उन्होंने कहा कि निजी संसाधनों से सिंचाई करना बेहद खर्चीला है।वहीं,यूरिया और डीएपी खाद की उपलब्धता भी पर्याप्त नहीं होने से किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।

वरिष्ठ किसान शमीम हैदर ने कहा कि सरकार किसानों के हितों की बात करती है,लेकिन समय पर न तो खाद उपलब्ध हो पा रही है और न ही सिंचाई के लिए पानी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष औसत से कम बारिश होने के कारण प्राकृतिक जल स्रोत भी पर्याप्त नहीं हैं,जिससे खेती का संकट और गहरा गया है।क्षेत्र के किसानों ने सिंचाई विभाग और प्रदेश सरकार से शारदा सहायक नहर के माइनर में तत्काल पानी छोड़े जाने की मांग की है,ताकि धान की रोपाई समय पर पूरी हो सके और किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।


















