शिक्षक की सफलता का सबसे बड़ा मानक उसके छात्र होते हैं: डायट प्रवक्ता
# मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान,अधिगम क्षमता का किया आकलन
पिंडरा, वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
डायट सारनाथ के वरिष्ठ प्रवक्ता अशोक कुमार सिंह ने कहा कि किसी भी शिक्षक की सफलता का वास्तविक मानक उसके छात्र होते हैं।विद्यार्थियों की अधिगम क्षमता,ज्ञान और व्यक्तित्व विकास ही शिक्षक की मेहनत और सफलता का परिचायक है।शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय जमापुर में आयोजित मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में पहुंचे अशोक कुमार सिंह ने विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर उनकी अधिगम क्षमता का आकलन किया।

बच्चों की हाजिरजवाबी और विषय ज्ञान की उन्होंने सराहना की।उन्होंने कक्षा पांच के विद्यार्थियों से प्रदेश की राजधानी सहित विभिन्न भौगोलिक विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे,जबकि कक्षा एक और दो के बच्चों से कविता, गिनती और पहाड़े सुनवाए।सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

समारोह की अध्यक्षता राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक एवं प्राथमिक विद्यालय फूलपुर के प्रधानाध्यापक डॉ. कुँवर पंकज सिंह ने की।कार्यक्रम का संचालन संजय गुप्त ने किया,जबकि धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद कश्यप ने किया।इस अवसर पर डॉ.राजीव गौतम,अरविंद वर्मा,तेजबहादुर,सरिता देवी, रागिनी सिंह,रीता देवी सहित अनेक शिक्षक,अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


















