संदिग्धावस्था में युवक को लगी सीने में गोली, अस्पताल में हुई मौत
# डॉग स्क्वायड, फोरेंसिक टीम के साथ पुलिस जांच में जुटी
आजमगढ़।
फैज़ान अहमद
तहलका 24×7
शहर कोतवाली के एलवल मुहल्ला स्थित धोबी गली निवासी एक युवक को घर से कुछ ही दूरी पर ही संदिग्धावस्था में गोली लग गई। वह गली में नाले के किनारे गिरा पड़ा था। मोहल्ले की महिलाओं ने देखा तो शोर मचाया। मुहल्ले के ही दो-तीन लड़के उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद कई थानों की फोर्स के साथ एसपी अनुराग आर्य मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का मुआयना किया।

एलवल मुहल्ला धोबी गली निवासी दीपांशु चौधरी (19) पुत्र विजय चौधरी को मंगलवार की शाम लगभग छह बजे घर से कुछ दूरी पर संदिग्ध हालात में सीने में गोली लग गई। वह गली में नाली के किनारे गिरा पड़ा था। रास्ते से गुजर रही मोहल्ले की महिलाओं की नजर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया। मोहल्ले के ही कुछ युवक उसे किसी तरह जिला अस्पताल लेकर गये, जहां कुछ ही देर में दीपांशु ने दम तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही शहर कोतवाली के साथ ही सिधारी व रानी की सराय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी अनुराग आर्य भी वहां पहुंचे और मौका मुआयना किया। डॉग स्क्वायड के साथ ही फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए मौके पर बुलाया गया। युवक को किन परिस्थितियों में गोली लगी, यह पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
















