सड़क हादसे में दो की मौत, कई घायल,आरोपी चालक गिरफ्तार
वाराणसी।
तहलका 24×7
सरैया-सारनाथ मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई,जबकि ऑटो चालक समेत कई अन्य लोग गंभीर रुप से घायल हो गए।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,एक पिकअप वाहन पुल से नीचे उतर रहा था,जबकि ऑटो पुराने पुल की ओर जा रहा था।इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग दूर जा गिरे।हादसे में निहाल अहमद (24) की मौके पर ही मौत हो गई।वहीं पंचकोशी चौराहे पर ठेला लगाकर जीवनयापन करने वाली श्याम दुलारी देवी (60) गंभीर रूप से घायल हो गईं।

उन्हें तत्काल पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया,जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना में ऑटो चालक समेत दो अन्य यात्री भी गंभीर रुप से घायल हुए हैं।मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरु कराया।

क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल किया गया,हालांकि कुछ समय के लिए मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही।एसओ जैतपुरा उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्घटना के आरोपी पिकअप चालक गुड्डू साहू को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है।उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है, जबकि मामले की विस्तृत जांच जारी है।
















