सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला: फर्जी असलहा लाइसेंस बनाने वाला सांसद विकास क्या करेगा
गाजीपुर।
तहलका 24×7
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजीपुर के युसुफपुर मुहम्मदाबाद स्थित नवीन कृषि मंडी परिसर में 692 करोड़ रुपये की लागत वाली 268 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।इस दौरान आयोजित जनसभा में उन्होंने विपक्ष, माफिया और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर तीखा हमला बोला।

मुख्यमंत्री ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि”जब गाजीपुर का सांसद फर्जी कागजातों पर अवैध असलहों का लाइसेंस बनवाने में व्यस्त होगा,तो जिले का विकास कैसे होगा?”उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसे जनप्रतिनिधियों का चुनाव करें जो जिले के विकास को प्राथमिकता दें।सीएम योगी ने भाजपा के दिवंगत विधायक कृष्णानंद राय को याद करते हुए कहा कि उन्होंने माफियाओं के खिलाफ संघर्ष किया था,लेकिन तत्कालीन सरकार के संरक्षण में उनकी और छह अन्य लोगों की हत्या कर दी गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय साक्ष्य और गवाहों को भी समाप्त करने का प्रयास किया गया।उन्होंने कहा कि 2017 से पहले पूर्वांचल में माफियाओं का बोलबाला था और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे में बिना काम किए हजारों करोड़ रुपये की लूट हुई।उनकी सरकार ने सत्ता में आने के बाद ऐसे मामलों की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।मुख्यमंत्री ने गाजीपुर की वीरभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि यह जनपद देशभक्ति की मिसाल रहा है।

उन्होंने परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद,महावीर चक्र विजेता रामउग्रह पांडेय तथा स्वतंत्रता सेनानी वीर मेघर सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि गहमर क्षेत्र आज भी हजारों सैनिकों और पूर्व सैनिकों के कारण देश सेवा का प्रतीक है।उन्होंने कहा कि 2017 से पहले गाजीपुर की पहचान माफियाओं के कारण धूमिल हो गई थी,लेकिन अब कानून का राज स्थापित हुआ है।अब जिले की पहचान उसकी सांस्कृतिक विरासत,अफीम फैक्ट्री और विकास कार्यों से हो रही है।

समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और माफियाओं को संरक्षण मिलता था। उन्होंने दोहराया कि माफिया किसी का सगा नहीं होता और माफिया तथा उन्हें संरक्षण देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।मुख्यमंत्री ने जनता से डबल इंजन सरकार का साथ देने की अपील करते हुए कहा कि यदि गाजीपुर की जनता विकास के लिए दस कदम चलेगी तो सरकार सौ कदम आगे बढ़कर सहयोग करेगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का स्वागत एमएलसी विशाल सिंह चंचल,जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय,युवा नेता पीयूष राय, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने किया।इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर,राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह,जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन सर्वेश सिंह,पूर्व मंत्री विजय मिश्रा,पूर्व विधायक सुनीता सिंह तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


















