स्कार्पियो सवार बारातियों पर मनबढ़ों का कहर
# शीशा तोड़ा, मारपीट कर नकदी व मोबाइल लूटे
खेतासराय, जौनपुर।
अजीम सिद्दीकी
तहलका 24×7
खुटहन थाना क्षेत्र के भड़सरा गांव के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बारात से लौट रहे स्कार्पियो वाहन को मनबढ़ों के एक झुंड ने घेरकर हमला कर दिया। हमलावरों ने वाहन को जबरन रोककर न केवल गाली-गलौज की, बल्कि चालक और बारातियों के साथ बेरहमी से मारपीट करते हुए गाड़ी के शीशे तोड़ दिए।घटना के बाद आरोपियों ने वाहन की चाभी निकाल ली, नकदी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

पीड़ित चालक ने खुटहन थाने में लिखित तहरीर देकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।खेतासराय कस्बा के पोस्ट ऑफिस वार्ड निवासी रामधनी पुत्र हुबराज बिन्द अपने निजी स्कार्पियो वाहन से क्षेत्र के मैनुद्दीनपुर गांव से खुटहन थाना क्षेत्र के भड़सरा गांव में एक बारात लेकर गए थे। उनके साथ करीब आठ बाराती थे। कार्यक्रम के पश्चात देर रात लगभग एक बजे सभी लोग स्कार्पियो से वापस लौट रहे थे, तभी गांव के लिंक मार्ग पर घात लगाए बैठे आठ से नौ की संख्या में मनबढ़ युवक लाठी-डंडे से लैस वाहन को जबरन रोक लिया।

पीड़ित रामधनी के अनुसार वाहन रोकते ही लोग गाली-गलौज करने लगे और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। वाहन में सवार बारातियों को भी पीटा गया। इस दौरान हमलावरों ने स्कार्पियो के सामने व साइड के शीशे तोड़ दिए, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इतना ही नहीं, गाड़ी की चाभी निकाल लिया, जिससे वाहन को स्टार्ट न किया जा सके।

चालक रामधनी का आरोप है कि जाते वक्त हमलावरों ने उसकी जेब में रखे दस हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और अन्य बारातियों के मोबाइल फोन भी छीन लिए। पीड़ित ने खुटहन थाने में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। रामधनी ने बताया कि हमलावरों में से एक की पहचान गोलू यादव पुत्र सुरेश यादव निवासी गुलरा थाना खुटहन के रूप में की गई है। वह अपने साथियों के साथ लाठी-डंडा लेकर आया था और हमले में शामिल रहा। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
















