बेटियों की तस्करी का पर्दाफाश

बेटियों की तस्करी का पर्दाफाश

# शादी के नाम पर मध्यप्रदेश-राजस्थान में बेच रहा था गिरोह, रेलवे स्टेशन पर होता था शिकार

पटना।
तहलका 24×7
               पुलिस ने एक ऐसे मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो बिहार की मासूम लड़कियों को शादी का झांसा देकर मध्यप्रदेश और राजस्थान में बेच रहा था। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि यह गिरोह बीते 6 महीनों में कम से कम 10 नाबालिग लड़कियों को बेच चुका है।पूरा मामला तब उजागर हुआ, जब राजस्थान से भागकर एक लड़की दानापुर थाने पहुंची। पुलिस ने लड़की की निशानदेही पर रोहतास के दिनारा इलाके में छापेमारी कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया, जिसमें एक महिला भी शामिल है।
आरोपियों में मध्यप्रदेश के दो युवक, भोजपुर की एक महिला और एक बैंक्वेट हॉल का मालिक भी शामिल है। गिरोह का मुख्य ठिकाना रेलवे स्टेशन था, जहां वे मजबूर, अकेली और नाबालिग लड़कियों को पहले अच्छे जीवन का लालच देते, फिर उन्हें अपने साथ ले जाकर शादी का झांसा देते थे। एक महिला उनका ब्रेनवॉश कर शादी के लिए तैयार करती और फिर उन्हें मैरिज हॉल में शादी करवाकर बेच दिया जाता।
हर लड़की की उम्र और हालत के अनुसार उनकी कीमत तय की जाती थी। फिर उन्हें मध्यप्रदेश और राजस्थान में बिचौलियों के जरिए बेच दिया जाता था।आरा की एक गरीब लड़की को 1.5 लाख रुपये में राजस्थान के एक कारोबारी को बेच दिया गया था। कारोबारी ने उसे गलत धंधे में धकेलने की कोशिश की। प्रताड़ना से तंग आकर वह किसी तरह वहां से भाग निकली और दानापुर थाने पहुंची।
यहीं से शुरु हुई जांच ने पूरे गिरोह को उजागर कर दिया। पुलिस के अनुसार, गिरोह का मास्टरमाइंड रोहतास जिले के दिनारा का रहने वाला है, जो अभी फरार है। उसकी तलाश में छापेमारी जारी है। जिस बैंक्वेट हॉल में लड़कियों की शादी कराई जाती थी, उसके मालिक अजय कुमार गुप्ता को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी शादी को वैध दिखाने के लिए रस्मों का प्रदर्शन करते थे ताकि शक न हो। पकड़े गए लोगों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे जून माह में भी कई लड़कियों की डील कर चुके हैं। अब पुलिस अन्य 9 लड़कियों की तलाश में जुट गई है, जिन्हें जल्द रेस्क्यू कर कोर्ट में बयान दर्ज कराया जाएगा।
Previous articleव्यापार मंडल के लोगों ने अस्पताल में मरीजों को बांटे फल
Next articleस्कार्पियो सवार बारातियों पर मनबढ़ों का कहर
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?