हफ्तेभर में राहत: प्रशासन की संवेदनशीलता,पीड़ित परिवार को 5 लाख,कई योजनाओं का लाभ
# थ्रेशर हादसे में मौत के बाद डीएम की त्वरित कार्रवाई,आवास-पेंशन-राशन कार्ड भी मिला
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
जनसुनवाई में सामने आई एक दर्दनाक घटना पर जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता और तत्परता का उदाहरण पेश किया है।महज एक सप्ताह के भीतर पीड़ित परिवार को न केवल आर्थिक सहायता मिली, बल्कि कई महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं से भी जोड़ा गया।मड़ियाहूं तहसील के बरसठी विकासखंड अंतर्गत भदराव गांव निवासी स्वर्गीय मुलायम बनवासी की गेहूं मड़ाई के दौरान थ्रेशर मशीन में फंसकर मौत हो गई थी।

मामला जनसुनवाई में पहुंचते ही जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।जिलाधिकारी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी पूजा को कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।इसके साथ ही परिवार को आवास आवंटन,कृषि पट्टा,निराश्रित महिला पेंशन और अंत्योदय राशन कार्ड का लाभ उपलब्ध कराया गया।

प्रशासन ने पारिवारिक लाभ योजना के लिए आवेदन भी कराया है,जबकि आय,जाति और निवास प्रमाण पत्र भी जारी कर दिए गए।इसके अतिरिक्त परिवार को सामाजिक सुरक्षा योजना,राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना और बच्चों की शिक्षा हेतु बाल सेवा योजना से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है।जिलाधिकारी ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार ऐसे मामलों में तत्काल राहत और योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा रहा है।मृतक के परिजनों ने त्वरित सहायता मिलने पर मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।परिजनों ने बताया कि हाल ही में मृतक की पत्नी ने एक पुत्र को जन्म दिया है।इस पर जिलाधिकारी ने नवजात को परिवार के लिए नई उम्मीद और संबल बताया।
















