हर घर में दीप जलेगा, हर बच्चा स्कूल चलेगा : डॉ. गोरखनाथ पटेल
# स्कूल चलो अभियान,पौधारोपण और स्वच्छता जागरुकता अभियान का बीएसए ने किया शुभारंभ
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
स्कूल चलो अभियान, पौधारोपण व स्वच्छता जागरूकता अभियान का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने शाहगंज सोंधी ब्लाक के पीएम श्री कम्पोजिट विधालय चकराज सहावें में किया।सर्वप्रथम डॉ. पटेल ने स्कूल चलो अभियान रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बच्चे तख्ती, बैनर लिए चल रहे थे।बच्चों ने रैली के दौरान प्रेरणादायक नारे लगाए। उन्होंने ‘हर घर में एक दीप जलेगा, हर बच्चा स्कूल चलेगा’ का संदेश दिया।

साथ ही ‘हम बच्चों का नारा है, शिक्षा अधिकार हमारा है’ और ‘आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे’ जैसे नारों से ग्रामीणों को जागरूक किया। बीएसए, खण्ड शिक्षा अधिकारी व शिक्षक रैली में चल रहे थे और घर घर रूककर अभिभावकों को बच्चों के नामांकन व शत प्रतिशत उपस्थिति के लिए प्रेरित कर रहे थे।गांव में चौपाल लगाई गई। मौके पर ही बच्चों का जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने फार्म भरकर नामांकन किया और बच्चों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। बच्चों को पुस्तक व कापी पेन भी प्रदान किया गया।

इस अवसर पर स्कूल परिसर व आस-पास बीएसए व अन्य खण्ड शिक्षा अधिकारियों, शिक्षकों ने फरसे से घास छिलकर व झाड़ू लगाकर साफ-सफाई करते हुए अन्य लोगों को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया। एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत विघालय परिसर मे फलदार व छायादार पौधे रोपित किए गए। इस अवसर पर डॉ. पटेल ने कहा स्कूल चलो अभियान, स्वच्छता अभियान और पौधारोपण, ये तीनों ही शिक्षा और पर्यावरण से जुड़े महत्वपूर्ण अभियान हैं। “स्कूल चलो अभियान” का उद्देश्य बच्चों को स्कूल भेजने और शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करना है, जबकि “स्वच्छता अभियान” का उद्देश्य स्कूल व आसपास के वातावरण को साफ रखना है।

“पौधारोपण” अभियान का उद्देश्य पर्यावरण को हरा-भरा बनाना और पेड़ों को लगाना है।इन तीनों अभियानों का उद्देश्य छात्रों और समाज के लिए एक बेहतर भविष्य का निर्माण करना है। अन्त में प्रधानाध्यापक ओम प्रकाश वर्मा ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी, प्रधान तबरेज, पंकज सिंह, सै. मो. मुस्तफा, अशोक कुमार मौर्य, विन्ध्यवासिनी उपाध्याय, कमलेश यादव, अजय मौर्य, तिलकधारी राजभर सहित शिक्षक, शिक्षामित्र छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।
















