हाईकोर्ट के आदेश पर सीमांकन कराने गई टीम पर पथराव,तीन महिला आरक्षी समेत चार पुलिसकर्मी घायल
चंदौली।
तहलका 24×7
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कबीरपुर गांव में हाईकोर्ट के आदेश पर भूमि का सीमांकन कराने पहुंची राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर ग्रामीणों के एक पक्ष ने पथराव कर दिया।घटना में तीन महिला आरक्षी समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने आठ नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छह लोगों को हिरासत में लिया है।

जानकारी के अनुसार,हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ गांव में भूमि का सीमांकन कराने पहुंची थी।सीमांकन की प्रक्रिया शुरु होते ही दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध शुरु कर दिया।देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और उपद्रवियों ने पुलिस व राजस्व टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना में तीन महिला आरक्षी सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।सभी घायलों को तत्काल पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित राजकीय अस्पताल भेजा गया,जहां उनका उपचार कराया गया।घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस ने मामले में आठ नामजद आरोपितों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।इनमें से छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।क्षेत्राधिकारी मुगलसराय अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है।सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान भी की जा रही है।उन्होंने कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपितों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


















