अब बीजेपी के सामने नहीं टिक पाएगा कोई भी राजनीतिक दल : स्वामी चिन्मयानंद
# न जातिवाद, न सम्प्रदायवाद, न क्षेत्रवाद, अब केवल राष्ट्रवाद
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7 प्रयागराज महाकुंभ में पौष पूर्णिमा पर हुए विशाल स्नान के बाद पूर्व गृह राज्य मंत्री स्वामी चिन्मयानंद ने योगी सरकार की व्यवस्थाओं की खूब प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि लगभग डेढ़ करोड़ श्रद्धालुओं ने पवित्र संगम में स्नान किया, जो इस आयोजन की अभूतपूर्व सफलता को दर्शाता है।स्वामी चिन्मयानंद ने कहा कि यह पहली बार है जब किसी सरकार ने आस्था के इस महापर्व को इतना महत्व दिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष प्रयासों से कुंभ की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हैं। उन्होंने बताया कि प्रयाग का महाकुंभ विश्व में चर्चा का विषय बना हुआ है और दुनियाभर से लोग यहां स्नान करने और इस दिव्य आयोजन को देखने आ रहे हैं।स्वामी चिन्मयानंद ने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि दुनिया के किसी भी धर्म या मजहब के तीर्थस्थल पर इतनी बड़ी संख्या में और इतने लंबे समय तक लोगों का जमावड़ा नहीं देखा जाता, जितना प्रयाग में होता है।

उन्होंने कहा कि कुंभ ऐसा पर्व है जहां भारत की विविधता, जातीयता, सांप्रदायिकता और क्षेत्रीयता की सभी दीवारें टूट जाती हैं। यह आयोजन राष्ट्र की सनातन संस्कृति का प्रतीक बन गया है, जो सामाजिक एकता का संदेश देता है।मंगलवार को जिले में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने भारत की एकता और अखंडता को एक बार फिर साबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि जहां कुछ लोग देश में सामाजिक, क्षेत्रीय, भाषाई और सांप्रदायिक दूरियां पैदा करने की कोशिश कर रहे थे, वहीं कुंभ ने इन सभी प्रयासों को निष्फल कर दिया है।

कहा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नारा ‘बांटोगे तो काटोगे’ सार्थक साबित हुआ है। लोगों ने दिखा दिया है कि वे बंटने नहीं, जुड़ने के लिए तैयार हैं। महाकुंभ के पहले 10 दिनों में ही इसका वैश्विक प्रभाव देखने को मिला, जहां आईफोन की मालकिन सहित विश्व के बड़े कॉरपोरेट घरानों के लोगों ने भी संगम में स्नान किया।उन्होंने सरकार द्वारा गंगा के घाटों की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण की भी सराहना करते हुए कहा कि राम मंदिर निर्माण के बाद यह दूसरा ऐसा अवसर है, जिसने देश को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रुप से एकजुट किया।

जहां राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा ने देश को सांस्कृतिक स्वतंत्रता दी, वहीं महाकुंभ में लोग इस स्वतंत्रता का उल्लास के साथ आनंद ले रहे हैं। सनातन धर्म की महिमा का बखान करते हुए कहा कि यह कुंभ स्वाधीनता के सही अर्थ को साकार कर रहा है। इस पर्व को सांस्कृतिक या ऐतिहासिक की बजाय आध्यात्मिक पर्व कहना अधिक उचित होगा।राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा विदेश मंत्री एस जयशंकर को आमंत्रित करना अंतर्राष्ट्रीय कूटनीति का सकारात्मक संकेत है।

बांग्लादेश के संदर्भ में उन्होंने शेख हसीना के नेतृत्व में देश की प्रगति की बात कही।भारतीय राजनीति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पीडीए गठबंधन अब नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि इस कुंभ में सभी जाति, धर्म और वर्ग के लोग ‘हर हर गंगे’ का जाप कर रहे हैं। उनका मानना है कि कोई भी क्षेत्रीय दल या राजनीतिक गठबंधन अब बीजेपी के सामने नहीं टिक पाएगा। आप पार्टी और कांग्रेस आपस में दिल्ली में लड़ें, लेकिन विजय सिर्फ बीजेपी को मिलेगी। बीजेपी के साथ पूरा देश खड़ा है। अब न समाजवाद, न क्षेत्रवाद, न जातिवाद, न संप्रदायवाद अब सिर्फ राष्ट्रवाद चलेगा।
















