अमेठी : आशा बहुओं ने अधीक्षक को बनाया बंधक, काटा बवाल
अमेठी/लखनऊ।
आर एस वर्मा
तहलका 24×7
जामो सीएचसी पर कार्यरत आशा बहू चार माह से मानदेय नहीं मिलने से परेशान हैं। शनिवार को आशा बहुओं ने सीएचसी परिसर में प्रदर्शन करते हुए अस्पताल अधीक्षक को बंधक बना लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अधीक्षक को मुक्त कराते हुए मामले की सूचना सीएमओ को दी।

सूचना पर पहुंचे सीएमओ ने दो दिन में मानदेय भुगतान करने का भरोसा दिलाते हुए प्रदर्शन समाप्त कराया।
चार माह से मानदेय का इंतजार कर रहीं जामो सीएचसी में कार्यरत आशा बहू नवरात्र, दशहरा बीत जाने के बावजूद मानदेय न मिलने से आर्थिक रूप से परेशान हैं। करवा चौथ, धनतेरस व दीपावली पर्व को देखते हुए शनिवार को आशा बहुओं का सब्र जवाब दे गया। शनिवार को आशा बहू व संगिनी संगठन की ब्लॉक अध्यक्ष सरिता सिंह की अगुवाई में प्रदर्शन पर उतर आईं। आशा बहुओं ने पहले अधीक्षक को उनके कक्ष में बंधक बनाते हुए गंभीर आरोप लगाए।


















