अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या
# घर के बाहर खेल रहे थे बच्चे, बेटा बोला- पापा ने मम्मी को काट डाला
कौशांबी।
तहलका 24×7
अवैध संबंध के शक में पति ने धारदार हथियार से गला रेतकर पत्नी की हत्या कर दी। घटना के समय बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। आरोपी को भागता देखकर बच्चे अंदर पहुंचे तो उनकी मां की खून से सनी लाश पड़ी थी। इसके बाद बच्चों ने शोर मचाकर लोगों को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरु की, बेटे की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

घटना कोखराज थाना क्षेत्र के नौढिया गांव की है। यहां फूलचंद्र सरोज (48) अपनी पत्नी फूलमती (45) और 5 बच्चों के साथ रहता है। परिजनों के मुताबिक फूलचंद्र नशा करता है। वह फूलमती पर शक करता था। इसे लेकर आए दिन वह उससे झगड़ता रहता था। उसके साथ मारपीट भी करता था। सभी बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे, इस दौरान फूलमती घर में अकेली थी। फूलचंद्र पत्नी से झगड़ने लगा, बात बढ़ने पर उसने धारदार हथियार से फूलमती के पेट में ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। इसके बाद गला भी रेत डाला।

इससे फूलमती की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी घर से भाग रहा था, जिसे बच्चों ने देख लिया।अनहोनी की आशंका में सभी बच्चे घर के अंदर पहुंचे तो वहां मां की खून से सनी लाश पड़ी देख शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। सीओ सत्येंद्र कुमार तिवारी ने भी मौके पर पहुंचकर वारदात की जानकारी ली।








