आजमगढ़ : मंडी में सब्जी बेचने को लेकर निरीक्षक व किसानों के बीच कहासुनी
रानी की सराय। फैज़ान अहमद तहलका 24×7 बेलइसा स्थित सब्जी मंडी में रविवार को सब्जी न बेचे दिए जाने पर किसानों ने हंगामा किया। इस दौरान मंडी में पहुंचे सचिव सहित अन्य अधिकारियों ने किसानों से वार्ता की। अधिकारी द्वारा बताया गया कि बिना रजिस्ट्रेेशन के यहां सब्जी नहीं बेच सकते। इसे लेकर काफी देर तक किसानों और अधिकारियों में बहस होती रही। मंडी में सब्जी बेचने से रोकने को लेकर किसानों में आक्रोश था। किसानों ने इसकी शिकायत डीएम से करने की चेतावनी दी। जनपद के किसान मंडी में सब्जी बेचने आते हैं। यहां कुछ किसानों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है तो कुछ किसानों ने नहीं। छोटे किसान भी बेलईसा मंडी में अपनी सब्जी भेजते हैं। बीते शनिवार को किसान संदीप मौर्या, बालचंद मौर्या, अखिलेश सिंह पटेल, श्रवण मौर्य, संदीप पटेल, राजाराम मौर्य आदि ने उप जिलाधिकारी सदर को शिकायती पत्र सौंपकर बेलईसा सब्जी मंडी में अपनी सब्जी बेचने की अनुमति प्रदान करने के लिए ज्ञापन सौंपा था।
रविवार को उक्त किसान मंडी में अपनी सब्जी बेचने पहुंचे, जिसका पहले से वहां सब्जी बेचने वाले दुकानों ने विरोध किया। मामला बढ़ता देख मंडी सचिव सहित अन्य अधिकारी वहां पहुंच गए। किसानों ने अधिकारियों को बताया कि मंडी में हम किसानों को भी सब्जी बेचने की अनुमति दी जाए। काफी देर तक किसानों और अधिकारियों में बहस चलती रही। मंडी सचिव, फल निरीक्षक अरविंद श्रीवास्तव ने किसानों को बताया कि आप मंडी में सब्जी सप्लाई नहीं कर सकते क्योंकि आपका रजिस्ट्रेशन नहीं है। इसे लेकर किसानों व निरीक्षक के बीच काफी कहासुनी हुई। निरीक्षक ने कहा कि यहां उक्त किसानों द्वारा कोई भी टैक्स नहीं जमा किया जा रहा है। जिससे राजस्व की हानि हो रही है। अब ऐसा यहां नहीं होगा। बिना रजिस्ट्रेशन के कोई भी किसान यहां सब्जी नहीं बेचेगा।