जमीन देखने निकले दो कारोबारियों के शव मिलने से सनसनी,पुलिस जांच में जुटी
वाराणसी।
तहलका 24×7
चोलापुर थाना क्षेत्र के बनियापुर इलाके में स्थित हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के पीछे दो युवकों के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मामले की जांच के लिए फोरेंसिक और एसओजी टीम को लगाया गया है।पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान हुकुलगंज निवासी अभिजीत गांगुली (47) और कोहासी,चोलापुर निवासी निहाल सिंह (40) के रुप में हुई है।

दोनों जमीन कारोबार से जुड़े बताए जा रहे हैं और किसी रिश्तेदार की जमीन देखने के सिलसिले में निकले थे। गुरुवार सुबह उनके शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।घटनास्थल से जहरीले पदार्थ और शराब की खाली बोतलें बरामद हुई हैं, जिससे मामले को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।मृतक अभिजीत के परिजनों का कहना है कि दोनों शराब पीने के आदी थे और अक्सर आपस में विवाद भी होता था।हालांकि उन्होंने हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया है।

मौके पर पहुंचे वरुणा जोन के डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि शव पुराने प्रतीत हो रहे थे और उनसे दुर्गंध आ रही थी।दोनों के पास से सल्फास के पैकेट मिले हैं, जबकि शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए।उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।घटना की सूचना पर एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना,चोलापुर पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची।पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।


















