कोटक महिंद्रा बैंक में 3.80 करोड़ की धोखाधड़ी,दो मैनेजर समेत 28 पर प्राथमिकी
गया।
तहलका 24×7
शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित जीबी रोड पर कोटक महिंद्रा बैंक की शाखा में करीब 3.80 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है।बैंक के दो अधिकारियों समेत 28 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरु कर दी है।बैंक के सहायक प्रबंधक कुमार दीपेश की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया गया कि बैंक के अधिकारियों व बाहरी लोगों की मिलीभगत से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपये के वाहन ऋण स्वीकृत कराए गए।

मामले में सेल्स डिवीजन के रिलेशनशिप मैनेजर वारिस आजम और टीम सेल्स मैनेजर रोहित राज समेत कुल 28 लोगों को नामजद किया गया है।बैंक की केंद्रीय ऑडिट टीम द्वारा की गई आंतरिक ऑडिट के दौरान अनियमितताओं का खुलासा हुआ।जांच में कई लोन खातों में दर्ज वाहनों के इंजन नंबर,चेसिस नंबर और स्वामित्व संबंधी विवरण फर्जी पाए गए।ऑडिट रिपोर्ट में इसे सुनियोजित साजिश बताया गया है।

प्राथमिकी के अनुसार,आरोपितों ने बैंकिंग नियमों की अनदेखी करते हुए फर्जी दस्तावेजों पर ऋण स्वीकृत किए।आशंका है कि कमीशन के लालच में इस पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया गया और धोखाधड़ी की रकम का आपस में बंटवारा किया गया।सिटी एसपी अभिनव ने बताया कि सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कर मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।बैंक के अभिलेखों की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।


















