जौनपुर : पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

जौनपुर : पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

सुईथाकलां।
मो आसिफ
तहलका 24×7
               सरपतहां थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक की लाश पेड़ से लटकती मिली। 22 वर्षीय युवक अपने ननिहाल में रहता था और पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। लखनऊ बलिया राजमार्ग के किनारे नीम के पेड़ से लटकती लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर छानबीन में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक मृतक विकास सुल्तानपुर जिले के अखण्डनगर थाना क्षेत्र के उनुरूखा गाँव निवासी रामस्वरूप गुप्ता का पुत्र था। वह सरपतहां थाना क्षेत्र के खानपुर चौरवा स्थित अपने ननिहाल में रामसुभग के यहां रहता था। स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद विकास पुलिस भर्ती की तैयारी में जुटा था। परिजनों के मुताबिक रविवार सुबह वह अपनी बाइक लेकर घर से निकला हुआ था। कुछ ही समय बाद परिजनों को खबर मिली कि विकास की लाश जहरुद्दीनपुर गांव के पास लखनऊ बलिया राजमार्ग के किनारे नीम के पेड़ से गमछे के सहारे लटकती हुई पाई गई है। परिजनों में हाहाकार मच गया। सड़क के किनारे उसकी बाइक भी खड़ी हुई थी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सराय मोहिउद्दीनपुर चौकी प्रभारी रामदवर यादव का कहना है कि मामला आत्महत्या का लग रहा है। फिलहाल हर पहलुओं पर छानबीन की जा रही है।
Previous articleजौनपुर : इनरव्हील क्लब ने पटरी दुकानदारों को बांटी छतरियाँ
Next articleजौनपुर : बूस्टर डोज लगवा कर राज्यमंत्री ने किया विशेष अभियान का शुभारंभ
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?