जौनपुर : हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ शाहगंज का एतिहासिक दशहरा का मेला
शाहगंज।
एख़लाक खान
तहलका 24×7
नगर में विजयादशमी का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। तहसील परिसर के बगल स्थित रामलीला मैदान में राम और रावण युद्ध में असत्य की पराजय हुई। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के अग्निबाण से रावण दहन के दौरान वातावरण जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। एक दिन पहले से ही लगातार बारिश और कीचड़ से भरा होने के बावजूद रामलीला मैदान में प्रभु के दर्शन और रावण की हार देखने के लिए अपार जनसमूह उमड़ पड़ा।

186 साल पुरानी श्रीरामलीला समिति के अध्यक्ष राम नारायण अग्रहरि द्वारा की गई आरती के बाद शाहपंजा स्थित श्री संगत जी मंदिर से रामरथ रामलीला मैदान के लिए रवाना हुआ। श्रीरामलीला भवन, मेनरोड और रोडवेज होता हुआ रथ रामलीला मैदान पहुंचा। यहां नगर पालिका अध्यक्ष गीता जायसवाल, उपजिलाधिकारी एंव क्षेत्राधिकारी ने श्रीराम और लक्ष्मण की आरती की। इसके बाद राम रावण युद्ध का मंचन हुआ और अंत में श्रीराम के बाण से रावण का वध हुआ।



















