टिकट आरक्षण केंद्र व ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर मंत्री को सौंपा ज्ञापन
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
नगर के व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को खेल एवं युवा कल्याण स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव से मुलाकात कर रेल मंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में खेतासराय रेलवे स्टेशन पर लंबे समय से बंद पड़ी यात्री आरक्षण प्रणाली सेवा को पुनः शुरु कराने तथा कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कोविड काल के दौरान बंद हुई कई ट्रेनों का ठहराव अब तक रेलवे स्टेशन पर बहाल नहीं किया गया है,जिससे क्षेत्र के यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ज्ञापन में दून एक्सप्रेस,साबरमती एक्सप्रेस,फरक्का एक्सप्रेस, वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी,अयोध्या-वाराणसी पैसेंजर तथा वाराणसी-बालामऊ पैसेंजर ट्रेनों के ठहराव की मांग की गई।प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि पूर्व में इन ट्रेनों का ठहराव स्टेशन पर होता था,लेकिन कोरोना काल के बाद कई सेवाएं पुनः बहाल नहीं हो सकीं।

साथ ही स्टेशन पर बंद पड़े टिकट आरक्षण काउंटर को भी शीघ्र चालू कराने की मांग की गई।राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को रेल मंत्रालय तक पहुंचाया जाएगा तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रयास किया जाएगा।ज्ञापन सौंपने वालों में आदर्श श्रीवास्तव,डॉ. गजेंद्र पांडेय,मनीष गुप्ता,आदर्श श्रीवास्तव,मोनिका श्रीवास्तव,अभिषेक सिन्हा,आदर्श श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

















