तीन माह में उखड़ने लगी पीडब्ल्यूडी सड़क,ग्रामीणों ने घटिया निर्माण का लगाया आरोप
खुटहन, जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
सदर विधानसभा क्षेत्र के दिदखोरा गांव में लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब तीन माह पहले बनाई गई सड़क की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। सड़क की गिट्टियां उखड़ने लगी हैं और कई स्थानों पर डामर भी नजर नहीं आ रहा है।ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में अनियमितता और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार,ईश नारायण यादव के चक से हरिजन बस्ती होते हुए कलापुर तक लगभग 1050 मीटर लंबी सड़क का निर्माण हाल ही में कराया गया था।लेकिन निर्माण के कुछ ही महीनों बाद सड़क की परत उखड़ने लगी है,जिससे सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।ग्रामीणों ने बताया कि करीब 100 मीटर हिस्से में सड़क की पटरियां भी नहीं बनाई गई हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीण संजय,राजेंद्र प्रसाद,नंदलाल,राजाराम,संतलाल, छटंकी आदि ने आरोप लगाया कि निर्माण में मानकों की अनदेखी कर घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है। उनका कहना है कि यदि सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया गया होता तो मात्र तीन माह में उसकी यह स्थिति नहीं होती।ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने,दोषी ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

















