नीट-2026 में AIR 3001 हासिल करने वाले उत्पल कृष्ण सम्मानित
# गांव में रहकर की तैयारी,बोले- लक्ष्य स्पष्ट हो तो सफलता निश्चित
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET)-2026 में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 3001 प्राप्त करने वाले आरके ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन के मेधावी छात्र उत्पल कृष्ण का संस्थान में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।मुख्य अतिथि संस्थान के प्रबंधक एवं वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ.जेपी दुबे ने उन्हें स्मृति चिन्ह और सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

डॉ. दुबे ने कहा सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। कठिन परिश्रम,अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही विद्यार्थियों को सफलता के शिखर तक पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि उत्पल की उपलब्धि पूरे संस्थान और क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।सम्मान के बाद उत्पल कृष्ण ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने इसी वर्ष आरके ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की।

गांव में रहकर नियमित अध्ययन,शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग से उन्होंने नीट-2026 की तैयारी की और ऑल इंडिया रैंक 3001 हासिल की।उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और पूरी ईमानदारी से मेहनत की जाए तो सीमित संसाधन भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनते।कार्यक्रम के अंत में संस्थान परिवार ने उत्पल कृष्ण को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह चिकित्सा क्षेत्र में भी उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर क्षेत्र और देश का नाम रोशन करेंगे।


















