पत्थर से कूंचकर व्यवसायी की हत्या,दो पर जानलेवा हमला
# हनुमान फाटक चौकी से महज 40 मीटर दूर घटना,सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस,हत्या की वजह तलाशने में जुटी
वाराणसी।
तहलका 24×7
आदमपुर थाना क्षेत्र के हनुमान फाटक इलाके में शनिवार तड़के एक अज्ञात हमलावर ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए तीन लोगों पर ईंट-पत्थर से जानलेवा हमला कर दिया।हमले में साड़ी का पत्ता काटने का काम करने वाले रवि चौहान उर्फ पप्पू (42) की पत्थर से कूंचकर हत्या कर दी गई।वहीं पान की दुकान चलाने वाले अशोक पासवान उर्फ बाबाजी (60) गंभीर रुप से घायल हो गए,जबकि गणेशु कनौजिया (55) को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

घटना शनिवार तड़के करीब तीन बजे की बताई जा रही है।वारदात हनुमान फाटक पुलिस चौकी से महज करीब 40 मीटर की दूरी पर हुई।एक साथ तीन लोगों पर हमले और एक की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार हमलावर नेशनल इंटर कॉलेज की ओर से हनुमान फाटक पुलिस चौकी की तरफ आने वाली गली में पहुंचा।सबसे पहले उसने घर के बाहर सो रहे अशोक पासवान पर ईंट-पत्थर से हमला किया।

इसके बाद कुछ दूरी पर स्थित दुकान में सो रहे साड़ी कारीगर पप्पू को निशाना बनाया और पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी।इसके बाद भागते समय हमलावर ने घर के बाहर सो रहे गणेशु कनौजिया पर भी ईंट से हमला किया और हनुमान फाटक पुलिस चौकी के सामने से फरार हो गया।सुबह घटना की जानकारी मिलने पर आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल,एडीसीपी वैभव बांगर,एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह और आदमपुर इंस्पेक्टर विमल मिश्रा मौके पर पहुंचे।अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर हमलावर की पहचान और उसके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल के मुताबिक पुलिस का मुख्य फोकस हमलावर की पहचान करने के साथ ही वारदात के पीछे की वजह पता लगाने पर है।जबकि मृतक पप्पू के परिजनों ने उसकी हत्या के पीछे दुकान मालिक का हाथ होने का आरोप लगाया है।परिजनों के मुताबिक पप्पू अविवाहित था और हनुमान फाटक स्थित अपने घर के पास किराये की दुकान लेकर साड़ी का पत्ता काटने का काम करता था।दुकान खाली करने को लेकर उसका मकान मालिक से विवाद चल रहा था। परिजनों ने आशंका जताई है कि इसी विवाद के चलते पप्पू की हत्या कराई गई।

हालांकि पुलिस ने अभी इस आरोप की पुष्टि नहीं की है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।आदमपुर इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावर ने तीन अलग-अलग लोगों को निशाना क्यों बनाया और उसका मृतक पप्पू से क्या संबंध था।सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावर तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।


















