पूर्व टाइपिस्ट की करोड़ों की संपत्ति का खुलासा

पूर्व टाइपिस्ट की करोड़ों की संपत्ति का खुलासा

# विजिलेंस की छापेमारी में मिले चार मकान व 44 बैनामे

मऊ/गोरखपुर। 
तहलका 24×7 
              जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय मऊ में तैनात रहे तत्कालीन टाइपिस्ट गगन कुमार सिंह की संपत्तियों की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। विजिलेंस की छापेमारी में आरोपी के पास आय से अधिक करीब 17 करोड़ रुपये की संपत्ति होने के प्रमाण मिले हैं,जबकि जांच अवधि तक उसकी वैध आय लगभग एक करोड़ रुपये ही बताई गई है।
उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान गोरखपुर सेक्टर की टीम ने बिहार और झारखंड स्थित कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।24 सदस्यीय चार टीमों ने आठ स्वतंत्र गवाहों और एक जूलरी वैल्युअर के साथ सुबह 11 बजे से शाम करीब पांच बजे तक कार्रवाई की।जांच के दौरान आरोपी के चार मकानों,एक ईंट भट्ठे और 44 संपत्तियों से जुड़े बैनामों के दस्तावेज बरामद किए गए।
अधिकारियों के अनुसार मामले में अभी जांच जारी है और आगे और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।शासन के निर्देश पर हुई प्रारंभिक जांच में गगन कुमार सिंह की आय और संपत्ति में भारी असंगति पाई गई थी।खुली जांच रिपोर्ट शासन को भेजी गई, जिसमें भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की संस्तुति की गई।शासन की मंजूरी मिलने के बाद कोर्ट से सर्च वारंट लेकर कार्रवाई की गई।
विजिलेंस टीम ने सबसे पहले बिहार के बांका जिले स्थित गुलनी कुशहा गांव में आरोपी के पैतृक आवास पर छापा मारा।यहां से करीब 4.40 लाख रुपये मूल्य का फर्नीचर,कंप्यूटर,एक बाइक,कई बैंक पासबुक और चेकबुक बरामद हुईं।जांच एजेंसियों का मानना है कि इन दस्तावेजों से आरोपी की आर्थिक गतिविधियों और निवेश के कई अहम सुराग मिल सकते हैं।
Previous articleभीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, परिवार में मचा कोहराम 
Next articleरसोई गैस सब्सिडी पर केंद्र सरकार की सख्ती, देशभर में शुरु हुआ सत्यापन अभियान
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?