प्रतिभाओं का सम्मान उन्हें और निखारता है- इन्द्रमणि कुमार
# राणा प्रताप पीजी कालेज में साइंस टैंलेंट का सम्मान
सुल्तानपुर।
मुन्नू बरनवाल
तहलका 24×7
‘प्रतिभाओं का सम्मान उन्हें और निखारता है। सम्मानित होने पर उनकी जिम्मेदारी अपने काम के प्रति और बढ़ जाती है’ यह बातें राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय के हिन्दी विभागाध्यक्ष इन्द्रमणि कुमार ने कहीं। वे महाविद्यालय के विज्ञान संकाय द्वारा आयोजित टैलेंट सर्च परीक्षा के पुरस्कार वितरण समारोह को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रोफेसर दिनेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि राणा प्रताप पीजी कालेज विज्ञान क्षेत्र की प्रतिभाओं को खोज कर उन्हें आगे बढ़ने में सहायता करेगा। इसकी शुरुआत टैलेंट सर्च परीक्षा में अपनी जगह बनाने वाले बच्चों से होगी। महाविद्यालय के बीएससी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने पर इन विद्यार्थियों को फीस में छूट व मुफ़्त कम्प्यूटर प्रशिक्षण जैसी अन्य सुविधाएं प्रदान की जायेंगी। संकाय अध्यक्ष डॉ शिशिर कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मार्च के पहले सप्ताह में महाविद्यालय परिसर में एक टैलेंट सर्च परीक्षा का आयोजन किया गया था। जिसमें जिले भर के इंटर कालेजों में पढ़ने वाले कक्षा बारह के गणित व विज्ञान वर्ग के लगभग सौ विद्यार्थियों ने भाग लिया था।



















