बहुचर्चित दूल्हा हत्याकांड में एक लाख का इनामी भोले राजभर ने किया कोर्ट में सरेंडर
# हाईकोर्ट से एफआईआर निरस्त करने की याचिका खारिज होने के बाद सीजेएम कोर्ट में किया आत्मसमर्पण
जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
जिले के बहुचर्चित दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी मुख्य आरोपी भोले राजभर ने बुधवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।लंबे समय से पुलिस और एसटीएफ की गिरफ्त से बाहर चल रहे आरोपी के सरेंडर के बाद कचहरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

जानकारी के अनुसार,गिरफ्तारी से बचने के लिए भोले राजभर ने पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट में एफआईआर निरस्त करने की याचिका दाखिल की थी।हाईकोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए उसे 60 दिनों के भीतर निचली अदालत में आत्मसमर्पण करने और वहीं से जमानत के लिए आवेदन करने का निर्देश दिया था। साथ ही इस अवधि तक गिरफ्तारी पर अंतरिम राहत प्रदान की गई थी।हाईकोर्ट की निर्धारित समय सीमा के भीतर आरोपी ने बुधवार को सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया।

अदालत में आत्मसमर्पण के बाद उसके विरुद्ध आगे की विधिक प्रक्रिया शुरु कर दी गई है।जमानत प्रार्थना पत्र पर भी नियमानुसार सुनवाई होगी।दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड जनपद के चर्चित मामलों में शामिल रहा है। मुख्य आरोपी के सरेंडर के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है,जबकि पीड़ित परिवार को मामले में शीघ्र न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।अब पूरे मामले में अदालत की अगली कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

















