बाजार में झुका बिजली का खंभा दे रहा हादसे को दावत,लोगों में दहशत
सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे
तहलका 24×7
सराय मोहिउद्दीनपुर बाजार में झुका हुआ बिजली का खंभा लोगों के लिए खतरे का सबब बन गया है।लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर पुलिस बूथ के पास स्थित यह खंभा काफी समय से टेढ़ा होकर खड़ा है, जिससे बाजारवासियों,दुकानदारों और राहगीरों में दहशत का माहौल है।बूढ़ूपुर फीडर से जुड़े इस व्यस्त बाजार से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन,स्कूली बच्चे और आम लोग गुजरते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश शुरु होने के बाद जमीन नरम होने से खंभा और अधिक झुक गया है।ऐसे में तेज हवा या भारी बारिश के दौरान इसके गिरने की आशंका बनी हुई है,जिससे बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों और व्यापारियों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार बिजली विभाग के जिम्मेदारों से शिकायत की गई,लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।लोगों का कहना है कि विभाग की लापरवाही के चलते हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और बिजली विभाग से जनहित में झुके हुए खंभे को तत्काल बदलने अथवा सुरक्षित करने की मांग की है,ताकि किसी भी संभावित जनहानि से बचा जा सके।उधर,जूनियर इंजीनियर संतोष यादव ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था।उन्होंने कहा कि जानकारी मिलने के बाद शीघ्र ही मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।

















