बिना पंजीयन संचालित अवैध अस्पताल कराया गया बंद
# फूलपुर थाने में पड़ी तहरीर, दर्ज होगा मुकदमा
वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
फूलपुर थाना क्षेत्र के नयेपुर में बिना पंजीयन के संचालित आशा हॉस्पिटल को उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री एवं प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए शनिवार को बंद कराया गया।बताते हैं कि एक मरीज को भर्ती कर आयुष्मान कार्ड पर इलाज किया जा रहा था। जबकि दूसरे तरफ संचालक द्वारा धनराशि लेकर इलाज किये जाने का मामला प्रकाश में आने पर शनिवार को जांच टीम पहुंची थी।

दल्लीपुर ताड़ी निवासी गुलाब बनवासी के सीने में पानी भरने पर इलाज के लिए उसके पुत्र सुरेंद्र वनवासी द्वारा आशा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। आयुष्मान कार्ड पर इलाज करने की जानकारी चिकित्सालय द्वारा दी गई, परंतु भर्ती के बाद इलाज के लिए 32 हजार से धनराशि ली गई। इसकी शिकायत जवाहर नगर स्थित प्रधानमंत्री के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय में जन सुनवाई कर रहे प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना से की गई।

मंत्री के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शेर मुहम्मद को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया। जिसपर बिना पंजीयन कराए चिकित्सालय संचालन करने पर थाना फूलपुर को विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शेर मुहम्मद एवं कठिराव चौकी इंचार्ज रविप्रकाश सिंह के उपस्थिति में चिकित्सालय को बंद करा दिया गया तथा सुरेन्द्र बनवासी द्वारा दी गई 32 हजार 400 रुपये धनराशि भी वापस कराई गई।








