बेसमेंट में चल रही मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़,तीन गिरफ्तार
मेरठ।
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश के मेरठ में पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। थाना लिसाड़ी गेट पुलिस और स्वाट टीम नगर की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।पुलिस के अनुसार,मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एक मकान के बेसमेंट के पास संचालित अवैध हथियार फैक्ट्री पर छापेमारी की गई।

कार्रवाई के दौरान मौके से तैयार और अर्धनिर्मित पिस्टल,मैगजीन तथा हथियार बनाने में प्रयुक्त बड़ी मात्रा में उपकरण बरामद किए गए।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वसीम निवासी जामिया चौक,थाना लिसाड़ी गेट,आफताब निवासी हुमायूं नगर,थाना लोहियानगर और नदीम निवासी चमड़ा पैठ,थाना लोहियानगर के रुप में हुई।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अवैध रुप से पिस्टल तैयार कर उनकी सप्लाई विभिन्न क्षेत्रों में करते थे।पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क,हथियारों की खरीद-फरोख्त और अन्य संभावित सहयोगियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरु कर दी है।साथ ही बरामद हथियारों और उपकरणों की फॉरेंसिक जांच भी कराई जाएगी।


















