भर्ती परीक्षा में शिक्षक और एसडीएम के बीच विवाद,वीडियो वायरल होने से बढ़ी चर्चा
# शिक्षक संगठनों ने जताई नाराजगी,डीएम से शिकायत की तैयारी
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रवक्ता पद के लिए रविवार को आयोजित भर्ती परीक्षा के दौरान टीडी पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर शिक्षक और सेक्टर मजिस्ट्रेट के बीच हुए कथित विवाद का मामला चर्चा का विषय बन गया है।परीक्षा समाप्त होने के बाद संबंधित शिक्षक द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किए जाने के बाद प्रकरण ने तूल पकड़ लिया है।

जानकारी के अनुसार, परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी के दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं केराकत के एसडीएम सुनील कुमार तथा शिक्षक डॉ.प्रशांत कुमार के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी।शिक्षक का आरोप है कि उन्हें परीक्षा केंद्र पर अन्य कर्मचारियों एवं अभ्यर्थियों के सामने फटकार लगाई गई,जिससे उनकी गरिमा को ठेस पहुंची।घटना के बाद उन्होंने सीसीटीवी फुटेज का हवाला देते हुए अपना पक्ष सोशल मीडिया पर साझा किया,जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

मामले को लेकर शिक्षा जगत में विभिन्न प्रकार की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।शिक्षक संगठनों ने इसे शिक्षक सम्मान से जुड़ा विषय बताते हुए प्रशासनिक अधिकारियों के व्यवहार पर सवाल उठाए हैं।सोशल मीडिया पर भी घटना को लेकर बहस तेज हो गई है और लोग अपने-अपने दृष्टिकोण से प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक,सोमवार को टीडी कॉलेज शिक्षक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की शिकायत कर सकता है।

शिक्षक नेताओं का कहना है कि यदि किसी कर्मचारी या शिक्षक के कार्य को लेकर कोई आपत्ति थी तो उसका समाधान प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत किया जाना चाहिए था।वहीं दूसरी ओर,प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।ऐसे में घटना के वास्तविक तथ्यों और परिस्थितियों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है।फिलहाल शिक्षक संगठनों की प्रस्तावित शिकायत और प्रशासन की संभावित प्रतिक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।मामले के संबंध में प्रशासन या संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

















