राजस्व वसूली में लापरवाही पर सख्त डीएम,बिजली विभाग के अधिकारियों को नोटिस के निर्देश
# स्कूल वाहनों की सुरक्षा जांच, अवैध खनन पर कार्रवाई और डग्गामार वाहनों के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कर एवं करेत्तर कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।बैठक में स्टाम्प एवं पंजीयन,आबकारी,विद्युत,खनन,परिवहन,मंडी समिति, मत्स्य तथा नगर निकायों सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरुप शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।उन्होंने बिजली विभाग की खराब वसूली पर नाराजगी जताते हुए उदासीन अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।साथ ही बकायेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई तेज करने को कहा।बैठक में डीएम ने अवैध खनन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई,मत्स्य पट्टों का शत-प्रतिशत पंजीकरण तथा सभी स्कूल वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि स्कूल वाहनों में फिटनेस,गति सीमा, अग्निशमन यंत्र,प्राथमिक उपचार किट और अन्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए।इसके अलावा डग्गामार वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निकायों को खुले में शौच की पुनरावृत्ति रोकने,सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण एवं रखरखाव,नदी घाटों की नियमित सफाई तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने सुबह 4 से 6 बजे तक विशेष सफाई अभियान चलाने और प्रत्येक नगर निकाय में दो प्रमुख स्थलों के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा।डीएम ने खाद्य सुरक्षा विभाग को मिड-डे मील में वितरित किए जा रहे दूध की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने तथा लोक निर्माण विभाग को सड़कों के गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर भरवाने के निर्देश भी दिए।बैठक में अपर जिलाधिकारी(भू-राजस्व)अजय अंबष्ठ,अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा,नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


















