रामगढ़ ताल में स्पीड बोट की टक्कर से 12वीं के छात्र की मौत, जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित
गोरखपुर।
तहलका 24×7
रामगढ़ ताल में रविवार की रात नौकायन के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में 12वीं के छात्र की मौत हो गई,जबकि एक बच्चे समेत कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी,वहीं सूर्यास्त के बाद बोटिंग पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।जानकारी के अनुसार,कुशीनगर निवासी कयामुद्दीन अंसारी अपने परिवार के नौ सदस्यों के साथ रामगढ़ ताल घूमने आए थे।रात करीब आठ बजे परिवार के सात सदस्य प्लेटफॉर्म नंबर-5 से टिकट लेकर बोटिंग कर रहे थे।

इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही एक स्पीड बोट ने उनकी नाव को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलते ही सुरक्षा कर्मी और पुलिस मौके पर पहुंची,सभी घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया।वहां चिकित्सकों ने लखमुद्दीन,जो 12वीं का छात्र था,को मृत घोषित कर दिया।परिजनों के अनुसार,लखमुद्दीन आईटीआई में प्रवेश की तैयारी कर रहा था।हादसे में कयामुद्दीन अंसारी के कंधे में चोट आई है,जबकि उनके बेटे सहित अन्य परिजन भी घायल हुए हैं।

एक बच्चे के सिर में गंभीर चोट बताई जा रही है।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि घटना की जांच के लिए जीडीए,पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है,जो तीन दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।साथ ही गोरखपुर विकास प्राधिकरण को सूर्यास्त के बाद रामगढ़ ताल में बोटिंग पूरी तरह बंद कराने के निर्देश दिए गए हैं।

एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि हादसे में कोई नाव नहीं पलटी थी।स्पीड बोट की टक्कर से लखमुद्दीन के सिर में गंभीर चोट लगी,जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में एक नाव चालक को हिरासत में लिया गया है, जबकि दूसरे चालक की तलाश की जा रही है। उल्लेखनीय है कि 22 जुलाई 2025 को भी उक्त ताल में इसी प्रकार का हादसा हुआ था,जिसमें एक ही परिवार के तीन लोग घायल हुए थे।उस मामले की जांच में बोट चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई थी।

















