रिश्वतखोरी में धरे गए दारोगा की शादी टूटी,मंत्री परिवार ने तोड़ा रिश्ता
मेरठ।
तहलका 24×7
रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार दारोगा छत्रपाल सिंह की शादी अब टूट गई है।वह उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. धर्मपाल सिंह के परिवार में दामाद बनने वाले थे,लेकिन गिरफ्तारी के बाद मंत्री पक्ष ने रिश्ता समाप्त कर दिया।जानकारी के अनुसार 2023 बैच के दारोगा छत्रपाल सिंह की शादी 5 मई को तय थी।

शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इससे पहले ही वह रिश्वत लेते हुए पकड़ लिए गए।मामला मेरठ के पल्लवपुरम थाने से जुड़ा है,जहां तैनाती के दौरान उन पर गंभीर आरोप लगे।बताया जा रहा है कि दारोगा ने एनडीपीएस के एक मामले से महिला का नाम हटाने के लिए पहले एक लाख रुपये की रिश्वत ली थी।आरोप है कि काम नहीं होने के बाद उन्होंने दोबारा 50 हजार रुपये की मांग की,जो बाद में 10 हजार रुपये पर तय हुई।

इसी दौरान एंटी करप्शन टीम ने उन्हें रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही मंत्री परिवार ने सख्त रुख अपनाते हुए शादी से इंकार कर दिया।अब आरोपी दारोगा जेल में है और मामले की जांच जारी है। फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार के मुद्दे को उजागर कर दिया है।












