निर्माणाधीन जिला कारागार का डीएम ने किया निरीक्षण,गुणवत्ता व समयसीमा पर सख्ती
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने निर्माणाधीन जिला कारागार का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।डीएम ने कार्यदायी संस्था से निर्माण की विस्तृत जानकारी ली और कहा कि इस्तेमाल होने वाली सभी सामग्री उच्च गुणवत्ता की होनी चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।साथ ही कार्य में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए,ताकि परियोजना निर्धारित समयसीमा में पूरी हो सके।निरीक्षण के दौरान उन्होंने आगामी 1 मई को अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर श्रमिकों के सम्मान की भी बात कही।

डीएम ने श्रमिकों से सीधे संवाद कर उनका हालचाल जाना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि परियोजना का कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण होना चाहिए,जिससे आमजन को इसका लाभ समय पर मिल सके। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता करुणेश समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
















