अब नकली पुलिस चौकी भी: मेरठ में फर्जी सीओ,दरोगा और सिपाहियों का गिरोह पकड़ा गया
मेरठ।
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश के मेरठ में पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है,जिसने बाकायदा नकली पुलिस चौकी संचालित कर रखी थी।मामला टीपीनगर थाना क्षेत्र के मोहकमपुर का है,जहां कार्रवाई के दौरान पुलिस ने खुद को सीओ,दरोगा और सिपाही बताने वाले कई लोगों को हिरासत में लिया।पुलिस के अनुसार, गिरोह ने एक व्यक्ति का कथित रुप से अपहरण कर उसे बंधक बनाया,उसके साथ मारपीट की और रंगदारी वसूली।

शिकायत मिलने पर पुलिस ने छापा मारा तो मौके पर एक ऐसी चौकी मिली,जो पूरी तरह असली पुलिस चौकी जैसी दिखाई दे रही थी।जांच में वहां से क्राइम रजिस्टर, एफआईआर रजिस्टर और अन्य पुलिस अभिलेखों जैसी सामग्री बरामद हुई।प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि गिरोह पुलिस का रौब दिखाकर लोगों को डराता-धमकाता था और विभिन्न मामलों में समझौते कराने के नाम पर अवैध वसूली करता था।

पुलिस का कहना है कि इस फर्जी चौकी का कथित सरगना राहुल पाल है,जो एक बड़े डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म से जुड़ा पूर्व पत्रकार बताया जा रहा है।आरोप है कि उसके नेटवर्क के जरिए थानों तक पहुंचने वाले कुछ पीड़ितों को इस फर्जी चौकी पर बुलाकर उनसे सौदेबाजी की जाती थी।फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है।

बरामद दस्तावेजों,इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और वित्तीय लेनदेन की जांच की जा रही है।यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह कितने समय से सक्रिय था और अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बना चुका है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में अपहरण, रंगदारी,धोखाधड़ी,जालसाजी,सरकारी पद का प्रतिरूपण समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
















