विधायक व एसडीएम के निरीक्षण में बंद मिला गेहूं क्रय केंद्र,डीएम ने दिए जांच के निर्देश
पिंडरा, वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
जिलाधिकारी के निर्देश पर पिंडरा क्षेत्र के मरुई गेहूं क्रय केंद्र का बुधवार को औचक निरीक्षण किया गया,जिसमें केंद्र बंद मिलने पर अधिकारियों की लापरवाही उजागर हो गई।पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह व उपजिलाधिकारी प्रतिभा मिश्रा जब विकास खंड स्थित मरुई क्रय केंद्र पहुंचे,तो वहां गोदाम बंद मिला।
मौके पर मौजूद किसानों ने अपनी समस्याएं बताते हुए कहा कि केंद्र न तो समय से खुलता है और न ही नियमित रूप से गेहूं की खरीद हो रही है।

इससे किसानों को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है और उनमें आक्रोश व्याप्त है।मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने डीएम से दूरभाष पर संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी तरीके से गेहूं खरीद सुनिश्चित की जाए,ताकि किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।

वहीं शिकायत के बाद जिलाधिकारी ने डिप्टी आरएमओ अरुण त्रिपाठी के नेतृत्व में जांच टीम मौके पर भेजकर मामले की जांच कराई।निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी प्रतिभा मिश्रा के साथ राजेश शुक्ला, पवन कुमार सिंह,विपुल मिश्र,राम प्रवेश मिश्रा,सर्मेश सिंह,शोभनाथ सिंह,फौजदार शर्मा,गोपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।


















