शिवपाल यादव पहुंचे तूफानी सरोज के आवास,बंद कमरे में आधे घंटे चली चर्चा
पिंडरा,वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव सोमवार को करखियाव स्थित केराकत विधायक एवं पूर्व सांसद तूफानी सरोज के आवास पहुंचे।उनके आगमन से सपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों,फूल मालाओं व जोरदार नारेबाजी के साथ उनका स्वागत किया।

शिवपाल यादव के पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक आवास के बाहर एकत्र हो गए।विधायक तूफानी सरोज ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।सूत्रों के अनुसार,शिवपाल यादव और तूफानी सरोज के बीच लगभग आधे घंटे तक बंद कमरे में बातचीत हुई।हालांकि,मुलाकात के बाद इसे शिष्टाचार भेंट बताया गया,लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन को मजबूत करने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

कार्यकर्ताओं का कहना था कि दोनों वरिष्ठ नेताओं की मुलाकात से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को बल मिलेगा।उल्लेखनीय है कि तूफानी सरोज की पुत्री एवं मछली शहर से सांसद प्रिया सरोज इन दिनों दिल्ली में हैं।वे जंतर-मंतर पर चल रहे विपक्ष के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुई थीं,जहां समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव सहित कई विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया था।

इस अवसर पर सपा के वाराणसी जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ‘लक्कड़’,पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ.अवधनाथ पाल,पूर्व विधायक लाल बहादुर यादव,पूर्व विधायक उदय लाल मौर्य,जफराबाद नगर पंचायत अध्यक्ष सरफराज खान, ज्ञानू यादव,रविंद्र यादव,भगवती सरोज,राजेंद्र पटेल, प्रेमकुमारी,मनोज यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।इससे पहले जनपद सीमा पर भी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और मालाओं के साथ शिवपाल यादव का स्वागत किया तथा जुलूस के रुप में उन्हें तूफानी सरोज के आवास तक लेकर पहुंचे।


















