सपा गिरगिट की तरह रंग बदलती है: मायावती
# पीडीए को लेकर बसपा सुप्रीमो का सपा पर हमला,बोलीं- चुनावी स्वार्थ के लिए बदलती है राजनीतिक रणनीति
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने समाजवादी पार्टी के‘पीडीए’फॉर्मूले को लेकर तीखा हमला बोला है।शनिवार को सोशल मीडिया के माध्यम से जारी बयान में उन्होंने सपा पर संकीर्ण जातिवादी राजनीति और चुनावी स्वार्थ के लिए समय-समय पर अपनी राजनीतिक रणनीति बदलने का आरोप लगाया।

मायावती ने कहा कि बसपा‘सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’की नीति और सिद्धांत पर चलने वाली सर्वसमाज हितैषी अंबेडकरवादी पार्टी है।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बसपा चार बार सरकार बना चुकी है और सभी सरकारें इसी नीति के आधार पर संचालित की गईं।बसपा सुप्रीमो ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी अपनी संकीर्ण जातिवादी राजनीति और चुनावी स्वार्थ के चलते‘‘गिरगिट की तरह रंग बदलती रहती है।’’

मायावती ने सपा के पीडीए फॉर्मूले को लेकर कहा कि पहले इसमें‘पी’से पिछड़ा,‘डी’से दलित और ‘ए’से अक्लियत बताया जाता था।अब उनका आरोप है कि अपरकास्ट समाज,विशेषकर ब्राह्मण समाज के लोगों के बसपा से जुड़ने और उन्हें पार्टी की ओर से उम्मीदवार बनाए जाने से सपा विचलित होकर ‘पी’का अर्थ‘पंडित’बताने लगी है।उन्होंने इसे सपा की राजनीति में बदलाव बताते हुए कहा कि यह उसके राजनीतिक छल और छलावे का एक और उदाहरण है।

मायावती ने कहा कि इस तरह की राजनीति से किसी व्यक्ति या वर्ग को कुछ समय के लिए राजनीतिक लाभ मिल सकता है,लेकिन इससे पूरे समाज का कल्याण नहीं हो सकता।उन्होंने सर्वसमाज के लोगों से संकीर्ण जातिवादी राजनीति से सावधान रहने की अपील की। बसपा प्रमुख ने कहा कि समाज के सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर ही व्यापक सामाजिक और राजनीतिक बदलाव संभव है।उन्होंने लोगों से ऐसी राजनीति के प्रति सतर्क रहने को समय की मांग और सर्वसमाज के हित में बताया।


















