सेक्स के लिए दबाव का आरोप, युवती ने प्रोफेसर को जड़े थप्पड़, वीडियो वायरल
# रायगढ़ में मंगेतर के साथ पहुंची युवती ने किया हंगामा, लिखित शिकायत के बाद दोनों पक्षों में हुआ समझौता
रायगढ़।
तहलका 24×7
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में एक शासकीय महाविद्यालय के प्रोफेसर पर पड़ोसी युवती ने अश्लील संदेश भेजने और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप लगाया है। आरोपों से नाराज युवती अपने मंगेतर के साथ प्रोफेसर के आवास पहुंची,जहां दोनों के बीच विवाद हुआ और युवती ने प्रोफेसर को थप्पड़ मार दिए।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

युवती की लिखित शिकायत के अनुसार,शासकीय महाविद्यालय कुंजारा में तैनात प्रोफेसर रेमन भार्गव पिछले करीब डेढ़ वर्ष से व्हाट्सएप और टेलीग्राम के माध्यम से आपत्तिजनक संदेश भेज रहे थे तथा शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहे थे।विरोध करने के बावजूद कथित रुप से फोन और संदेशों के जरिए उसे परेशान किया जाता रहा।परेशान होकर युवती अपने होने वाले पति के साथ प्रोफेसर की कॉलोनी पहुंची।

वहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई,जिसके बाद युवती ने प्रोफेसर को थप्पड़ मार दिए।मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया,जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।मामले में युवती ने पुलिस को लिखित शिकायत दी।हालांकि,बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता होने की जानकारी सामने आई है।पुलिस ने मामले में शिकायत मिलने और समझौते की पुष्टि की है।


















