आजमगढ़ : जमीनी विवाद में भतीजे ने किया चाचा की गोली मारकर हत्या
अहरौला।
फैज़ान अहमद
तहलका 24×7
थाना क्षेत्र के आरूषा गांव में शनिवार को जमीन के चंद टुकड़ों के लिए भतीजे ने अपने चाचा को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना से पूरा गांव स्तब्ध है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि जमीन के विवाद में खौफनाक वारदात को अंजाम दिया जाएगा।

आरूषा गांव निवासी मुन्ना यादव (35) पुत्र अदरी यादव छह भाइयों में पांचवें नंबर पर था। मुन्ना का भाइयों से भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में शनिवार को दिन में लगभग डेढ़ बजे भतीजा अमरजीत से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ा तो अमरजीत ने चाचा मुन्ना पर तमंचे से फायर कर दिया।गोली सीने में लगी और मौके पर ही मुन्ना की मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी भतीजा मौके से फरार हो गया।



















