आजमगढ़ : तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई, बाइक सवार समेत पांच की दर्दनाक मौत
बरदह।
फैज़ान अहमद
तहलका 24×7
थाना क्षेत्र के भगवानपुर पुलिया के पास शनिवार रात लगभग साढ़े आठ बजे दर्दनाक हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। इस घटना में बगल से गुजर रहे बाइक सवार की कार के चपेट में आने से मौत हो गई। जबकि कार में सवार दो पुरुष, एक महिला और एक बच्ची ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में अनूप नाम का एक किशोर लापता बताया जा रहा है। कार सवार एक महिला की हालत गंभीर है। कार सवार विंध्याचल दर्शन को जा रहे थे।
शनिवार रात लगभग साढ़े आठ बजे आजमगढ़ से आ रही अर्टिगा कार बरदह थाना क्षेत्र के भगवानपुर पुलिया के पास पहुंची थी कि अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। आसपास के लोगों का कहना था कि कार हवा में उछलते हुए काफी दूर तक गई। इस दौरान उधर से गुजर रहा एक बाइक सवार कार की चपेट में आ गया। जिससे बाइक पर सवार तीन लोग घायल हो गए। इसमें बरदह थाना के मिर्जा जगदीशपुर निवासी सुशील सरोज (32) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे लोग उपचार के लिए पीएचसी ठेकमा ले गए, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। उधर अर्टिगा में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें कार से बाहर निकाला गया।



















