आजमगढ़ : दबंगों ने बाइक सवार दो युवकों को पीटकर किया जिंदा जलाने का प्रयास
आजमगढ़।
फैज़ान अहमद
तहलका 24×7
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर बाजबहादुर गांव के समीप रविवार की शाम चार की संख्या में दबंग किस्म के लोगों ने बाइक से घर जा रहे राजगीर व उसके साथी को रोक कर पहले पीटा फिर जिंदा जलाने का प्रयास करते हुए आग के हवाले कर दिया। इस घटना में राजगीर व उसका साथी झुलस गया है वहीं बाइक धू-धूकर जल गई। दोनों का सीएचसी लालगंज पर इलाज चल रहा है।

जौनपुर जिले का रहने वाला रिंकू वनवासी (35) की ससुराल गंभीरपुर थाना के उमरीश्री गांव में है। ससुराल में रह कर रिंकू राजगीर का काम करता है। रविवार को वह अपने एक साथी के साथ वापस घर लौट रहा था। रसूलपुर बाजबहादुर के पास पीछे से दो बाइकों पर सवार होकर आए चार लोगों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट कर घायल कर दिया। इसके बाद दोनों को आग के हवाले कर दिया। इस घटना में रिंकू व उसका साथी झुलस गए वहीं बाइक भी जल गई। दोनों को इलाज के लिए सीएचसी लालगंज टीकरगाढ़ पर भर्ती कराया गया है। गंभीरपुर थाने में रिंकू के ससुराल वालों ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दिया है। पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।

















