आजमगढ़ : मोसम्मी का जूस पिलाकर दुकानदार और उसके दो पुत्रों को किया बेहोश
# उचक्कों ने गल्ले से तीन लाख रुपये उड़ाया, बड़े आराम से हुए फरार फरार
# घटना के 24 घंटे बाद भी नहीं आया तीनों को होश
जहानागंज।
फैज़ान अहमद
तहलका 24×7
थाना क्षेत्र के सुहवल बाजार स्थित एक दुकान पर पहुंचे बाइक सवार युवकों ने दुकानदार व उसके दो पुत्रों को मोसम्मी का जूस पिला कर बेहोश कर दिया और गल्ले से तीन लाख लूट कर फरार हो गए। दुकानदार व उनके पुत्रों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां दुकानदार की हालत गंभीर देख हॉयर सेंटर रेफर कर दिया गया। 24 घंटे बाद भी तीनों को होश नहीं आया है।

सुहवल गांव निवासी नौशाद (50) की स्थानीय बाजार में प्लास्टिक के सामानों की दुकान है। बुधवार की शाम चार बजे दुकान पर नौशाद और उसके दो पुत्र आमिर (20) व उमैर (15) भी मौजूद थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक दुकान पर खरीदारी के लिए आए। दोनो युवकों ने दुकानदार व उसके पुत्रों से पहले बातचीत कर दोस्ती बढ़ाई फिर मोसम्मी का जूस मंगा कर उन्हें पिलाया। जूस पीने के कुछ ही देर बाद पिता व दोनो पुत्र बेहोश हो गए।

दुकानदार की पत्नी के अनुसार, बाइक सवार दोनों युवक गल्ले में रखे तीन लाख रुपये निकाल कर फरार हो गए। तीनों को बेहोशी की हालत में देर शाम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने नौशाद की हालत गंभीर देख उसे हॉयर सेंटर रेफर कर दिया। जिस पर परिजनों ने उसे जिला मुख्यालय स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि दोनों पुत्रों का इलाज जिला अस्पताल में ही चल रहा है। प्रभारी थानाध्यक्ष घनश्याम यादव ने बताया कि घटना की सूचना तो है लेकिन अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















