आज़ाद बिन्द के घर पहुंचे डीआईजी वैभव कृष्ण,बंधाया ढांढस
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
आजाद बिन्द पुत्र राम लखन बिन्द की गोली मारकर की गई हत्या के मामले ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।घटना की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण स्वयं मौके पर पहुंचे और मामले को गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने घटनास्थल की परिस्थितियों का बारीकी से जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों से अब तक की कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने घटना के शीघ्र अनावरण और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए कड़े निर्देश दिए।इस दौरान डीआईजी वैभव कृष्ण ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि पुलिस इस मामले में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई करेगी।उन्होंने कहा कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।पुलिस ने मामले की गम्भीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन कर दिया है।जिसे अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी के लिए रवाना किया गया है।

टीम को विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश देने और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है,वहीं पुलिस द्वारा की जा रही त्वरित कार्रवाई से न्याय की उम्मीद भी जताई जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


















