इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा में राजकीय महिला महाविद्यालय की छात्राओं का शानदार प्रदर्शन
# राजनीति शास्त्र में अस्मिता तिवारी अव्वल,कई छात्राओं ने विभिन्न विषयों में दर्ज कराई सफलता
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
राजकीय महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर संस्थान और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।बीए तृतीय वर्ष की छात्रा अस्मिता तिवारी ने राजनीति शास्त्र विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया,जबकि चंद्रा यादव ने भी शीर्ष दस अभ्यर्थियों में स्थान बनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

इतिहास विषय में डॉली विश्वकर्मा,दीपाली श्रीवास्तव और रूपाली श्रीवास्तव ने सफलता हासिल की।वहीं संस्कृत विषय में सोनिका प्रजापति और आराधना अग्रहरी ने भी प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर महाविद्यालय की उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ा।महाविद्यालय की छात्राएं पूर्व वर्षों में भी केंद्रीय विश्वविद्यालयों की प्रवेश परीक्षाओं में सफलता का परचम लहरा चुकी हैं।महाविद्यालय की छात्रा आराधना अग्रहरी ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय की एमए हिंदी प्रवेश परीक्षा में भी सफलता प्राप्त की है।

इसके अलावा महाविद्यालय की कई छात्राएं यूजीसी-नेट,बीएड सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित होकर संस्थान का नाम रोशन कर चुकी हैं।महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. संजय कुमार ने सफल छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्राओं की लगन, शिक्षकों के मार्गदर्शन और संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि सरकारी महाविद्यालयों में अनुभवी शिक्षकों के निर्देशन में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और उज्ज्वल भविष्य के अवसर मिलते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को सरकारी महाविद्यालयों में प्रवेश दिलाने की अपील की।प्राचार्य ने विश्वास व्यक्त किया कि महाविद्यालय की छात्राएं भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र,जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करती रहेंगी।


















