जीएसटी अधिकारियों से रूबरू हुए व्यापारी,नोटिस से लेकर चाइनीज मांझे तक पर हुई खुली चर्चा
# व्यापारी संगोष्ठी में उठीं कर संबंधी समस्याएं,अधिकारियों ने दिया समाधान और सहयोग का भरोसा
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
व्यापारियों और जीएसटी विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के तत्वावधान में अल्फस्टीनगंज स्थित एक प्रतिष्ठान पर व्यापारी संगोष्ठी आयोजित की गई।कार्यक्रम में जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने व्यापारियों को कर कानूनों की जानकारी दी,वहीं व्यापारियों ने भी नोटिस,कर अनुपालन और विभागीय कार्यप्रणाली से जुड़ी समस्याओं को खुलकर रखा।

संगोष्ठी के मुख्य अतिथि जीएसटी विभाग के डिप्टी कमिश्नर सुरेंद्र कैथल ने व्यापारियों को जीएसटी कानूनों के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देते हुए समय पर कर भुगतान,नियमों के पालन और विभाग के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।उन्होंने बाजारों में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसे सामान की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष विवेक सिंह ने व्यापारियों की ओर से विभाग के समक्ष कई अहम मुद्दे उठाए।

उन्होंने कहा कि ईमानदारी से व्यापार करने वाले कारोबारियों को कई बार अनावश्यक नोटिस जारी कर परेशान किया जाता है।व्यापारी सरकार के लिए कर संग्रह कर राजकोष में जमा करते हैं और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इसलिए विभाग को व्यापारियों के प्रति सहयोगात्मक और संवेदनशील रवैया अपनाना चाहिए।
बैठक में जिला महामंत्री आशीष चौरसिया,संरक्षक शशांक सिंह ‘रानू’,सर्वेश जायसवाल,उमेश जायसवाल, अजय गुप्ता और अभिताश गुप्ता समेत कई व्यापारियों ने जीएसटी से जुड़ी व्यावहारिक समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखी।

डिप्टी कमिश्नर सुरेंद्र कैथल ने व्यापारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य व्यापारियों को परेशान करना नहीं,बल्कि कर व्यवस्था को अधिक सरल,पारदर्शी और भरोसेमंद बनाना है। संगोष्ठी में अनिल सेठ ‘गुड्डू’,निर्भय केडिया,अनिल हरलालका,योगेश साहू,अभिषेक यादव,गौरीशंकर जायसवाल,मो. शिराज,संतोष जायसवाल, प्रमोद मौर्य, रितेश साहू, प्रखर शाह,पंकज जायसवाल,बबलू, सलीम,सतीश यादव,अकीब सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।


















