ई-केवाईसी जल्द पूरी करें,राशन वितरण में न हो देरी: डीएम
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने खाद्य एवं रसद विभाग की समीक्षा बैठक में राशन कार्ड धारकों की लंबित ई-केवाईसी जल्द पूरी करने,रिक्त उचित दर दुकानों का शीघ्र आवंटन करने तथा समयबद्ध खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में राशन कार्डों की आधार सीडिंग,ई-केवाईसी,राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत खाद्यान्न वितरण,उचित दर दुकानों की स्थिति,अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण,सिंगल स्टेज डिलीवरी व्यवस्था,प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और आयुष्मान कार्ड की प्रगति की समीक्षा की गई।डीएम ने अधिकारियों से कहा कि सभी पात्र राशन कार्ड धारकों की शत-प्रतिशत ई-केवाईसी शीघ्र पूरी कराई जाए।

रिक्त राशन दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए तथा निलंबित दुकानों से संबद्ध उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के समय पर राशन उपलब्ध कराया जाए।उन्होंने पूर्ति निरीक्षकों को निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान तेज करने,एफसीआई और परिवहन ठेकेदारों के समन्वय से समय पर खाद्यान्न उठान सुनिश्चित करने तथा सिंगल स्टेज डिलीवरी व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन कराने के निर्देश दिए।साथ ही परिवहन ठेकेदारों को जियोफेंस के भीतर ही खाद्यान्न वितरण करने की हिदायत दी।

बैठक में निर्माणाधीन मॉडल शॉप और अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण कार्य की गुणवत्ता व समयबद्ध पूर्णता पर भी जोर दिया गया।जिन ग्राम पंचायतों में भूमि चयन नहीं हुआ है,वहां परिवहन सुविधा को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त सरकारी परिसर के निकट भूमि चयन करने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि खाद्यान्न वितरण और विभागीय योजनाओं की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए,ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों,खाद्य एवं रसद विभाग, एफसीआई,गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों,उचित दर विक्रेता संघ तथा परिवहन ठेकेदारों ने भाग लिया।


















