उद्योग बंधु बैठक में डीएम ने दिए स्वरोजगार और औद्योगिक विकास के निर्देश
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में आयोजित उद्योग बंधु बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना एवं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पात्र युवाओं को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने तथा ऋण वितरण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए,ताकि अधिक से अधिक युवा इन योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकें। साथ ही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्यवन पर विशेष ध्यान देने को कहा।बैठक में उद्यमियों ने सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या उठाई।इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा करते हुए पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों और लंबित मामलों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण करने को कहा।उन्होंने स्पष्ट किया कि उद्यमियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 5.0 के तहत शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सतहरिया क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में कमर्शियल सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने,सीसीटीवी कैमरे लगाने,हाईमास्ट लाइट स्थापित करने,साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.प्रभात कुमार,उपायुक्त उद्योग आशुतोष पाठक,सहायक श्रमायुक्त देवव्रत यादव, सहायक आयुक्त उद्योग जय प्रकाश,एलडीएम,प्रबंधक गौरव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।
















