एक ही रात चोरों ने सात घरों को बनाया निशाना
# नकदी सहित लाखों के जेवरात किया पार
खुटहन, जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
लोनियापट्टी गांव में बुधवार की रात बेखौफ चोरों ने सात घरों को निशाना बना कर नकदी सहित लाखों के गहने पार कर दिया। पीड़ितों को घटना की जानकारी दूसरे दिन सुबह हुई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस आवश्यक छानबीन में जुटी रही। पीड़ितों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।गांव निवासी केशरी प्रसाद के घर में घुते चोर सूटकेस तोड़ उसमें रखा पांच हजार नकदी, कनफूल, चांदी की पाजेब, छागल, पायल व हसुली उठा ले गए।

इसके बाद चोर पड़ोसी लक्ष्मण के घर से सोने का मांग टीका, नथियां, झुमका, लाकेट और चांदी की करधन पार कर दिए। इसी तरह पड़ोसी ज्ञानेंद्र के घर से बारह हजार रुपये नकदी, लाकेट, नथुनी, मीना और पायल पार कर दिया। हीरावती पत्नी झिनकू के घर से सोने का हार, मांग टीका, नथिया, झाली, बाली और छागल सरपेट ले गए। यहां से चोर पड़ोसी लहरी के घर पहुंच सोने की चेन और चांदी का चुल्ला मार दिए।

बेखौफ चोर श्यामप्रीत के घर पहुंच कमरे में रखा बाक्स तोड़ कर एक सोने का हार, मांगटीका, चांदी की छागल, पायल व बारह हजार नकदी ले उड़े। ताज्जुब की बात है कि चोरों ने आस पास के सात घरों में घुसकर लाखों के जेवर और नकदी पार कर दिया, लेकिन किसी भी परिवार के सदस्यों को कानों कान भनक तक नहीं लगी। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है घटना की तहकीकात कराई जा रही है।

















