एसडीएम और सीओ के आश्वासन के बाद सुपुर्देखाक किया गया शव

एसडीएम और सीओ के आश्वासन के बाद सुपुर्देखाक किया गया शव

# 15 घंटे तक शव घर रख कर पचास-पचास लाख रुपया मुआवजा और नौकरी की मांग पर अड़े रहे परिजन

शाहगंज, जौनपुर। 
एखलाक खान
तहलका 24×7
              सधनपुर गांव में रविवार को कर्बला में ताजिया दफन कर वापस आते समय निर्माणाधीन पानी की टंकी के पास लटक रहे 11 हजार वोल्ट के तार से ताजिये का ढांचा छू जाने से दो युवा ताजियादारों की दुखद मौत से विद्युत विभाग के प्रति आक्रोशित परिजनों ने शव को सुपुर्देखाक से इंकार कर दिया। उनकी मांग थी कि बिजली विभाग के जिम्मेदारों पर हत्या का मुकदमा, मृतकों के परिवार से एक को सरकारी नौकरी के साथ साथ पचास लाख आर्थिक सहायता को लेकर अड़े हुए थे।
एसडीएम कुणाल गौरव, सीओ अजित सिंह चौहान के आश्वासन के बाद शव को दफनाया जा सका।गांव निवासी अब्दुल रसीद का 20 वर्षीय पुत्र अल्तमस और पड़ोसी शहाबुदीन का 19 वर्षीय पुत्र मो. कैफ रविवार को ताजिया लेकर कर्बला गये थे। जहां ताजिया ठंडा करने के बाद अवशेष वापस लेकर आ रहे थे। अंधेरा होने के चलते उक्त स्थल पर ढांचा मेन लाइन के एक फेस के काफी नीचे लटके तार से छू गया। जिसकी चपेट में आकर दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद रात लगभग नौ बजे दोनों शवों को घर लाया गया।
जहां दोनों मृतकों के परिवार के साथ ग्रामीण, जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई, परिवार के एक एक सदस्यों को नौकरी और आर्थिक सहायता की मांग को लेकर अड़ गए। थाना प्रभारी मुन्ना राम घुसिया उन्हें समझाते बुझाते रहे, बात न बनने पर उन्होंने क्षेत्राधिकारी अजित सिंह चौहान, उप जिलाधिकारी कुणाल गौरव को मामले से अवगत कराया।
मौके पर पहुंचे अधिकारियों के समझाने बुझाने और आश्वासन के बाद दोपहर में शव को कब्रिस्तान ले जाया गया। मौके पर सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्या, पूर्व ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि राजीव यादव, सपा नेता राम आसरे यादव, भारत यादव आदि मौजूद रहे।
Previous articleआम तोड़ने को लेकर हुए बच्चों के विवाद में मनबढ़ों ने महिला को पीटा
Next articleयूपी में पैसा बोलता है: भ्रष्टाचार की जड़ ऊपर से बरगद सरीखे नीचे तक फैली! 
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?